लखनऊ, 15 अप्रैल 2026। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेजेज के विद्यार्थियों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। इस वर्ष भी छात्रों ने उच्च अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा, कठोर परिश्रम और अनुशासन का प्रभावशाली परिचय दिया।
इस सत्र में कुल 1241 विद्यार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया और उल्लेखनीय सफलता हासिल की। गोमती नगर शाखा की दाक्षी अग्रवाल ने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संस्था में पहला स्थान हासिल किया। वहीं कृतिका मौर्या ने 97.2 प्रतिशत, अदिति पांडेय ने 97.0 प्रतिशत, दिव्यांश सिंह ने 96.4 प्रतिशत, विशद पालीवाल ने 96.0 प्रतिशत और पीयूष राज ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
वृंदावन योजना शाखा की मान्या मिश्रा ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आदित्य शर्मा, सृष्टि वर्मा और अदम्य शर्मा ने 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि शुभि ने 94.0 प्रतिशत अंक अर्जित किए। आम्रपाली योजना शाखा की आराध्या अवस्थी ने 96.8 प्रतिशत, ज्योतिका श्रीवास्तव ने 96.6 प्रतिशत और अविरल शुक्ला ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में अहम योगदान दिया।
इस उपलब्धि पर संस्थान के चेयरमैन एवं सांसद डॉ. एस.पी. सिंह ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों की प्रतिबद्धता और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अभी से तैयारी शुरू करने और शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों एवं अनुशासन को अपनाने की सलाह दी।