
लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया।
अयोध्या, वाराणसी, सुलतानपुर, रायबरेली और प्रतापगढ़ सहित मंडल के विभिन्न रेलवे परिसरों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के तहत आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया। प्रतियोगिता में सी एंड डब्ल्यू विभाग के जितेन्द्र कुमार ने प्रथम, लेखा विभाग के सिद्धार्थ खरे ने द्वितीय तथा कार्मिक शाखा की ललिता श्रीवास्तव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर कृषिका किसान मार्ट द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से कृषि उत्पादों और विभिन्न सेवाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं बल्कि सतत प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से रेलवे कर्मचारियों और आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।