
किरावली। जिले में प्रस्तावित शिक्षक समायोजन प्रक्रिया को लेकर राष्ट्रवादी शिक्षक महासंघ आगरा ने रविवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) आगरा से मुलाकात कर पारदर्शी व्यवस्था के साथ समायोजन लागू करने की मांग उठाई।
संगठन के जिला अध्यक्ष कीर्तिपाल सिंह टाइगर ने बीएसए आगरा को अवगत कराया कि प्राथमिक विद्यालयों में हेड शिक्षकों का समायोजन नहीं किया जा सकता, क्योंकि इस पर माननीय न्यायालय द्वारा रोक लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले जूनियर स्कूलों में सब्जेक्ट मैपिंग करते हुए एकल विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
महासंघ ने यह भी मांग रखी कि जो शिक्षक स्वेच्छा से स्थानांतरण चाहते हैं और सरप्लस श्रेणी में हैं, उन्हें भी समायोजन प्रक्रिया में शामिल किया जाए। संगठन का कहना था कि यदि पारदर्शी तरीके से प्रक्रिया नहीं अपनाई गई तो पूर्व की “3.0 समायोजन प्रक्रिया” की तरह यह मामला भी न्यायालय में पहुंच सकता है।
इस पर बीएसए आगरा ने संगठन को भरोसा दिलाया कि समायोजन प्रक्रिया शिक्षक, संगठन और विभाग की मंशा के अनुरूप ही संचालित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी स्वयं इस प्रक्रिया की मॉनीटरिंग कर रहे हैं, इसलिए सभी शिक्षक और संगठन निश्चिंत रहें।
बीएसए से मुलाकात करने वालों में राजेश रावत, सचिन उपाध्याय, अजय चौधरी, चंद्र प्रकाश सोलंकी, ममता सोलंकी, अशोक जादौन, देवी दयाल, प्रमिला भदौरिया और राम बिहारी समेत कई शिक्षक उपस्थित रहे।