राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन का बाराबंकी में विस्तार, राजवीर सिंह बने जिलाध्यक्ष

बाराबंकी। राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन ने अपने संगठनात्मक विस्तार के तहत बाराबंकी जिले में नई जिम्मेदारी सौंपते हुए ग्राम रामपुर तेलियानी निवासी राजवीर सिंह पुत्र स्वर्गीय शिव नारायण सिंह को जिला अध्यक्ष मनोनीत किया है। संगठन ने उन्हें जिले के किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखकर उनके समाधान के लिए कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्रीकृष्ण वर्मा ने नियुक्ति की घोषणा करते हुए नव नियुक्त जिलाध्यक्ष को निर्देश दिए कि तीन माह के भीतर जिला एवं तहसील स्तर की कार्यकारिणी का गठन कर उसकी सूची प्रदेश कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
गोला गोकर्णनाथ (खीरी) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्रीकृष्ण वर्मा एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता कैप्टन मनोज कुमार सिंह ने राजवीर सिंह को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
नियुक्ति के बाद संगठन पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि राजवीर सिंह के नेतृत्व में बाराबंकी में किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा तथा उनके त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए संगठन पूरी मजबूती के साथ कार्य करेगा।