रोहित शर्मा से मिलने 1,900 किमी साइकिल चलाकर मुंबई पहुंचा सुनील, 15 अगस्त को पूरा हुआ सपना

रोहित शर्मा फैन, सुनील राउत, रोहित शर्मा से मुलाकात, 1900 किलोमीटर साइकिल यात्रा, ओडिशा से मुंबई साइकिल यात्रा, हिटमैन फैन, रोहित शर्मा फैन की कहानी

रोहित शर्मा से मिलने 1900 किमी साइकिल चलाकर मुंबई पहुंचा सुनील
1,900 किलोमीटर साइकिल चलाकर मुंबई पहुंचे सुनील राउत ने 15 अगस्त को रोहित शर्मा से मुलाकात की।

नई दिल्ली/अमर भारती। भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा के प्रति जुनून और समर्पण की अनोखी मिसाल ओडिशा के अनुगुल जिले के 22 वर्षीय सुनील राउत ने पेश की। अपने क्रिकेट आदर्श रोहित शर्मा से मिलने के लिए सुनील करीब 1,900 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर 15 दिन में मुंबई पहुंचे।

अनुगुल जिले के बंरपाल ब्लॉक की तुबे पंचायत के कुलेई गांव के रहने वाले सुनील स्थानीय कारखाने में क्रेन ऑपरेटर के तौर पर काम करते हैं। उनके लिए यह सफर सिर्फ गांव से मुंबई तक पहुंचने का नहीं था, बल्कि अपने पसंदीदा क्रिकेटर से मिलने के सपने को पूरा करने की जिद थी।

30 जुलाई को शुरू की मुंबई की साइकिल यात्रा

सुनील ने 30 जुलाई को अपने गांव से मुंबई रोहित शर्मा से मिलने के लिए साइकिल यात्रा शुरू की। वह रोज करीब 12 घंटे साइकिल चलाते थे और लगभग 170 किलोमीटर की दूरी तय करते थे। लंबे सफर के दौरान उन्होंने कई रातें पेट्रोल पंपों पर बिताईं। खाने के लिए सड़क किनारे मौजूद ढाबों का सहारा लिया। करीब 15 दिनों की यात्रा में उनके 40 से 45 हजार रुपये खर्च हुए। इसमें ज्यादातर रकम भोजन और रास्ते की जरूरतों पर खर्च हुई।

13 अगस्त को मुंबई पहुंचे, लेकिन रोहित घर पर नहीं थे

लगातार 15 दिन साइकिल चलाने के बाद सुनील 13 अगस्त को मुंबई पहुंचे। इसके बाद वह रोहित शर्मा के आवास के बाहर पहुंचकर अपने आदर्श का इंतजार करने लगे। वहां मौजूद एक सुरक्षाकर्मी ने उन्हें बताया कि रोहित लंदन गए हुए हैं और कई महीनों बाद लौट सकते हैं। यह सुनकर सुनील निराश हुए, लेकिन उन्होंने वापस लौटने का फैसला नहीं किया। सुनील घर के बाहर ही इंतजार करते रहे और रात भी गेट के पास बिताई। बाद में एक अन्य सुरक्षाकर्मी से उन्हें जानकारी मिली कि रोहित 15 अगस्त को मुंबई लौट सकते हैं।

होटल में रुकने का मौका मिला, लेकिन गेट पर ही डटे रहे

सुरक्षाकर्मी ने सुनील के लिए पास के होटल में ठहरने की व्यवस्था कराने में मदद करने की कोशिश की। हालांकि, सुनील ने होटल जाने से इनकार कर दिया। उन्हें डर था कि अगर वह वहां चले गए और इसी दौरान रोहित शर्मा घर लौट आए तो उनसे मिलने का मौका हाथ से निकल सकता है। इसलिए वह अपने आदर्श के घर के बाहर ही इंतजार करते रहे।

15 अगस्त को रोहित शर्मा ने फैन को लगाया गले

आखिरकार 15 अगस्त को सुनील का इंतजार खत्म हुआ। दोपहर करीब तीन बजे रोहित शर्मा अपने घर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों से सुनील को बुलाने के लिए कहा। रोहित के सामने पहुंचते ही सुनील ने उनके पैर छूने की कोशिश की, लेकिन रोहित ने उन्हें रोक दिया और गर्मजोशी से गले लगा लिया। इस मुलाकात का वीडियो भी सामने आया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

रोहित को भेंट की जगन्नाथ और राधा-कृष्ण की मूर्तियां

सुनील ने मुलाकात के दौरान रोहित शर्मा को भगवान जगन्नाथ और राधा-कृष्ण की मूर्तियां, रोहित शर्मा और उनकी पत्नी की तस्वीर तथा एक उत्तरीय भेंट किया। बताया गया कि रोहित ने करीब 30 मिनट तक सुनील से बातचीत की। उन्होंने उसकी साइकिल यात्रा के बारे में विस्तार से पूछा और 1,900 किलोमीटर के सफर के दौरान आई परेशानियों के बारे में भी जाना। सुनील के मुताबिक, रोहित को यह जानकर काफी खुशी हुई कि वह ओडिशा से साइकिल चलाकर मुंबई तक पहुंचा है।

रोहित के गले लगते ही भूल गया 15 दिन की थकान

सुनील ने बताया कि रोहित शर्मा का उन्हें गले लगाना उनके जीवन का बेहद खास पल था। उनके मुताबिक, उस एक पल में 15 दिनों की थकान, रास्ते की मुश्किलें और सफर के दौरान हुई परेशानियां सब भूल गए। सुनील के लिए अपने पसंदीदा क्रिकेटर रोहित शर्मा से मिलना ही उनकी पूरी यात्रा का सबसे बड़ा इनाम था।

पैसों की मदद भी लेने से किया इनकार

मुलाकात के बाद खबरों के मुताबिक रोहित शर्मा के मैनेजर ने सुनील से उनका फोनपे नंबर मांगा। हालांकि, सुनील ने पैसे लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें पैसों की जरूरत नहीं है। उनके लिए अपने आदर्श रोहित शर्मा से मिलना ही सबसे बड़ा तोहफा है।

अब ट्रक से ओडिशा लौट रहे सुनील

रोहित शर्मा से मुलाकात के बाद सुनील की मुंबई यात्रा पूरी हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अब वह ट्रक से ओडिशा लौट रहे हैं। सुनील के लिए 15 अगस्त सिर्फ अपने पसंदीदा क्रिकेटर से मिलने का दिन नहीं था, बल्कि 1,900 किलोमीटर की कठिन साइकिल यात्रा की मंजिल भी था। उनके जुनून, मेहनत और दृढ़ संकल्प ने इस सफर को यादगार बना दिया।

यहां भी पढ़ें-

वाराणसी एयरपोर्ट पर फायरिंग: वाराणसी एयरपोर्ट पर चली गोली, महिला और लड़का घायल

पुरानी रंजिश में चौकीदार की लाठी-डंडों से पिटाई: गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित, इलाज के दौरान मौत