
पंकज चतुर्वेदी
बाराबंकी। रामनगर कोतवाली क्षेत्र के भरसवां गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने थाना रामनगर में तैनात 45 वर्षीय चौकीदार राजेश यादव पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना सोमवार शाम की है। गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती राजेश की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में बुधवार को मृतक के बेटे रामू यादव की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है।
ड्यूटी से घर लौटते समय रास्ते में घेरकर हमला
पुलिस के मुताबिक राजेश यादव सोमवार शाम करीब सात बजे ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। वह गांव के पास सहजराम मौर्य की पिपरमेंट टंकी के निकट पहुंचे ही थे कि आरोपितों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि शुभम, बाबू, श्रवण, कुलदीप और राम कैलाश ने पुरानी रंजिश को लेकर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों से राजेश पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह घायल होकर गिर पड़े।
थाने से सीएचसी और फिर जिला अस्पताल किया गया रेफर
मारपीट की जानकारी मिलने पर ग्रामीण रामलखन और शिवपाल मौके पर पहुंचे और घायल राजेश को रामनगर थाने ले गए। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए सीएचसी रामनगर भेजा। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे राजेश की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पांचों आरोपितों पर हत्या का मुकदमा, विवेचना शुरू
बुधवार को मृतक के बेटे रामू यादव की तहरीर पर पुलिस ने शुभम, बाबू, श्रवण, कुलदीप और राम कैलाश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना अरुण प्रताप सिंह को सौंपी गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और हमले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
आरोपितों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसपी
एसपी बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।