जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: गोली लगने से घायल अधेड़ की मौत, गांव में तनाव के बाद भारी पुलिस बल तैनात

पंकज चतुर्वेदी

बाराबंकी। बाराबंकी जनपद के कोठी थानाक्षेत्र के रेवतीपुरवा गांव में मंगलवार देर शाम जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ संघर्ष खूनी हो गया। मारपीट के दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय हंसराज वर्मा उर्फ पुताई की लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।

बताया जा रहा है कि हंसराज वर्मा का दूसरे पक्ष के लोगों से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवादित जमीन को लेकर न्यायालय में भी मामला विचाराधीन बताया जा रहा है। मंगलवार को जानवरों के लिए नांद रखने को लेकर दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान फायरिंग की घटना हुई, जिसमें हंसराज को गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

गंभीर हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जाया गया

गोली लगने के बाद परिजन हंसराज को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिद्धौर लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा, जहां उपचार के दौरान हंसराज वर्मा की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

परिजनों ने मनोज यादव पर लगाया फायरिंग का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया है कि हंसराज पर फायरिंग मनोज यादव ने की थी। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। फायरिंग समेत लगाए गए अन्य आरोपों की पुष्टि पुलिस साक्ष्यों और जांच के आधार पर कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया।

सड़क जाम करने पहुंचे ग्रामीणों को पुलिस ने समझाया

हंसराज की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। गांव में किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में गांव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

तहरीर के आधार पर हो रही कार्रवाई: एसपी

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। गांव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।