
लखीमपुर खीरी/श्रीनगर। राष्ट्रीय महिला आयोग के तत्वावधान में श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित “शक्ति संवाद” कार्यक्रम के दूसरे दिन महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक चर्चा और विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम में देशभर के राज्य महिला आयोगों की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य और सदस्य सचिवों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष Vijaya Rahatkar तथा उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष Babita Singh की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं राज्य महिला आयोग की सदस्य Sujita Kumari ने भी विभिन्न सत्रों में सक्रिय भागीदारी करते हुए महिला सुरक्षा, अधिकार संरक्षण, नीतिगत सुधार और जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों, वर्तमान चुनौतियों और अब तक की उपलब्धियों पर गंभीर मंथन किया गया। प्रतिनिधियों ने राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने तथा प्रभावी नीतियों के क्रियान्वयन के लिए ठोस रणनीतियों पर चर्चा की।
इस अवसर पर केंद्र सरकार की विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं जैसे ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, वन स्टॉप सेंटर योजना, महिला हेल्पलाइन और उज्ज्वला योजना के प्रभावी संचालन पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। साथ ही राष्ट्रीय महिला आयोग और राज्य महिला आयोगों की भूमिका को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया गया, ताकि महिलाओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण, अधिकारों की रक्षा और जनजागरूकता को और प्रभावी बनाया जा सके।