रिपोर्ट- अभिषेक शुक्ला

मुंगरा बादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र में सोमवार अल सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर सतहरिया के आगे पुलिया के पास सुबह करीब 6 बजे सवारियों से भरा एक ऑटो रिक्शा तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो मुंगरा बादशाहपुर की ओर सवारियां लेकर आ रहा था। जैसे ही वह सतहरिया पुलिया के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे और सतहरिया चौकी इंचार्ज धनंजय राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

किसी तरह ऑटो में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने छह घायलों में से तीन को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान प्रमोद कुमार मिश्र (53) निवासी सोहसा, शिव शंकर शर्मा (53) निवासी धौरहरा और बरसाती (42) निवासी गंगापुर, थाना मछलीशहर के रूप में हुई है।
वहीं हादसे में राकेश बिंद (32) निवासी नंदापुर, प्रणव पाण्डेय (19) निवासी धौरहरा और अजीत यादव (36) निवासी कटाहित खास गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने प्रणव पाण्डेय और अजीत यादव की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि घायलों के परिजन अस्पताल में डटे हुए हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।