बारिश ने फिर बदला दिल्ली के मौसम का मिजाज

अमर भारती : दिल्ली में बारिश ने एक बार फिर दस्तक दी है और इस मौसम में भी लोगों को भिगो दिया है। बृहस्पतिवार देर शाम दिल्ली को झमाझम बारिश ने तरबतर कर दिया। इस दौरान कई इलाकों में ओले भी पड़े। बारिश व ओले के मिले-जुले असर से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

बता दें कि दिनभर की उमस के बाद दिल्लीवालों ने ठंड महसूस की। उधर, भारी बारिश से दूसरे कई इलाकों में पानी भी भर गया। इसका असर वाहनों की आवाजाही पर पड़ा। ट्रैफिक की गति कम होने से लोगों को घरों तक पहुंचने में ज्यादा भी समय लगा।

इस पर मौसम विभाग का कहना है कि पहले से ही बृहस्पतिवार शाम बारिश का अंदेशा था। देर शाम करीब 7:30 बजे बारिश शुरू हुई। करीब एक घंटे में दिल्ली में 35.2 मिमी रिकॉर्ड की गई। वहीं, आईटीओ समेत कुछ इलाकों में ओले गिरे। तेज बारिश के बीच 30 किमी की रफ्तार से हवाएं चलीं। इस बदलाव के चलते अचानक से ठंड बढ़ गई है।

सूत्रो के मुताबिक, शुक्रवार तक इस तरह का मौसम बना रह सकता है। तापमान भी सामान्य से कम रहेगा। वहीं, हल्की बारिश भी हो सकती है। विभाग का मानना है कि हफ्ते के आखिर में मानसून दिल्ली से विदा हो सकता है।