दिल्ली में पड़ रही मौसम की मार, अभी नहीं है राहत की कोई उम्मीद

अमर भारती : उत्तर पश्चिम की ओर से चल रही तेज हवाओं के कारण रविवार को भी दिल्ली में मौसम इसी तरह बना रहा। इस दौरान तेज हवाओं ने दिल्लीवालों को कंपकंपाया। घने कोहरे से घिरी सुबह के बाद दिन का तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले, इस मौसम में सिर्फ दो दिन दिल्ली का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया था। बाकी दिनों में यह 15 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही बना हुआ था।

मौसम विभाग की माने तो, देर रात में हवा की चाल तेज न होने के चलते न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब 7.4 डिग्री सेल्सियस बना रहा। इसके बाद सुबह पहाड़ों की तरफ से चल रही हवाएं अचानक से तेज हो गईं जिससे कि दिन का तापमान तेजी से कम हो गया। यह सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस कम 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इस बीच मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में हवा नम होने से सुबह में घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं, तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है और ज्यादा खराब भी हो सकता है। सोमवार को आसमान साफ होने के साथ घना कोहरा रहने की उम्मीद है।

हालांकि न्यूनतम व अधिकतम तापमान 15 व 7 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। मंगलवार को भी कमोबेश यही हालात रहेंगे। बुधवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-एनसीआर का मौसम फिर करवट लेगा और उसके बाद दिल्लीवालों के लिए आसान हो सकता है।