लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप और बढ़ने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने प्रदेश के कई जिलों के लिए 19 मई तक लू और अति उष्ण लहर (सीवियर हीट वेव) की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में प्रदेश के दक्षिणी, मध्य और पूर्वी हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ सकता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार 15 मई को प्रदेश में किसी प्रकार की चेतावनी नहीं है, लेकिन 16 मई से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। 16 मई को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में कहीं-कहीं उष्ण लहर चलने की संभावना जताई गई है।
17 मई को गर्मी का दायरा और बढ़ जाएगा। इस दिन ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी जिलों में लू चलने की संभावना है।
18 और 19 मई को स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जिलों में अति उष्ण लहर चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अयोध्या, सुल्तानपुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा और फिरोजाबाद समेत कई अन्य जिलों में भी लू का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने हीट इंडेक्स को लेकर भी चेतावनी दी है। कई जिलों में ताप सूचकांक 40 से 50 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इसका मतलब यह है कि वातावरण में नमी और तेज गर्म हवाओं के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं ज्यादा गर्मी महसूस होगी। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी स्थिति में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है।
स्वास्थ्य विभाग और मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। जरूरी होने पर सिर ढककर बाहर निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने की अपील की गई है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है और जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।