ट्रेनों में अवैध वेंडिंग पर रेलवे का बड़ा एक्शन: 840 अवैध पानी की बोतलें जब्त, औचक जांच के दौरान हुई कार्रवाई

लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने ट्रेनों में अनधिकृत वेंडिंग और अधोमानक खाद्य सामग्री की बिक्री पर शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरिजीत सिंह के निर्देशन में सहायक वाणिज्य प्रबंधक मुकेश कुमार एवं ओंकार नाथ वर्मा के नेतृत्व में गोमतीनगर–कानपुर रेलखंड पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान ट्रेन संख्या 12533 पुष्पक एक्सप्रेस और 15078 गोमतीनगर-कामाख्या एक्सप्रेस की गहन जांच की गई, जिसमें बड़ी संख्या में अवैध रूप से बेची जा रही पानी की बोतलें बरामद हुईं।

निरीक्षण के दौरान 12533 पुष्पक एक्सप्रेस की पैंट्री कार से 480 अवैध पानी की बोतलें जब्त की गईं। वहीं, 15078 गोमतीनगर-कामाख्या एक्सप्रेस की जांच में 360 अवैध पानी की बोतलें बरामद हुईं। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 840 अवैध पानी की बोतलें जब्त कर रेलवे ने अनधिकृत वेंडिंग के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई का संदेश दिया।

यात्री स्वास्थ्य और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: रेलवे

पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने स्पष्ट किया कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने कहा कि यात्री स्वास्थ्य और सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और अनधिकृत विक्रेताओं व अनैतिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि वे अधोमानक खाद्य सामग्री और अनधिकृत विक्रेताओं से सावधान रहें तथा केवल अधिकृत स्रोतों से ही खाद्य एवं पेय पदार्थ खरीदें। रेलवे का यह अभियान यात्री सेवाओं को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।