
नदिया/पूर्व बर्धमान/उत्तर 24 परगना, 25 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के नबद्वीप, कटवा और बागदा विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला।
सीएम योगी ने कहा कि ममता बनर्जी के शासन में अराजकता और गुंडागर्दी बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में टेरर, माफिया राज और भ्रष्टाचार का बोलबाला है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
योगी ने कहा कि पहले चरण के मतदान में जनता ने भारी भागीदारी कर परिवर्तन का संदेश दिया है। उन्होंने दावा किया कि 4 मई को आने वाले परिणामों में भाजपा के पक्ष में बड़ा जनादेश दिखाई देगा। उन्होंने टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के लोग अब “काम-धंधे की तलाश” में लग गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक पहचान कमजोर हुई है और यह राज्य अपनी विरासत से दूर होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और उद्योग-धंधे बंद हो रहे हैं।
उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कानून किसी भी प्रताड़ित व्यक्ति को नागरिकता देने की व्यवस्था करता है, लेकिन टीएमसी ने इसका विरोध किया। उन्होंने मतुआ समुदाय का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण उन्हें सुरक्षा और पहचान मिली है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 के बाद कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने यूपी में एक्सप्रेसवे, रोजगार और औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां करोड़ों युवाओं को रोजगार मिला है।
धार्मिक मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल में मां काली और मां दुर्गा की पूजा को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने दावा किया कि राज्य में हिंदू समाज के अधिकारों की रक्षा आवश्यक है।
तीनों जनसभाओं में भारी भीड़ उमड़ी और समर्थकों ने “योगी-योगी” के नारे लगाए। मुख्यमंत्री ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि बंगाल अब परिवर्तन के लिए तैयार है।