मीना मंच और इको क्लब के तहत विद्यालय में कराई गईं विविध गतिविधियां

माधौगंज (हरदोई)। उच्च प्राथमिक विद्यालय सदरियापुर, माधौगंज में मीना मंच एवं इको क्लब फॉर मिशन लाइफ के अंतर्गत विभिन्न शैक्षिक व जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रभारी प्रधानाध्यापक नीरज गुप्ता के निर्देशन तथा सहायक अध्यापिका प्रियंका श्रीवास्तव के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।
मीना मंच के अंतर्गत कॉमिक बुक ‘खजाने का नक्शा’, ‘प्रगति के पंख’ सत्र, वीरांगना पोर्टल के माध्यम से रानी लक्ष्मीबाई की प्रेरक जानकारी तथा ‘अरमान मॉडल’ के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियां कराई गईं। साथ ही मीना मंच का पुनर्गठन भी किया गया। इन गतिविधियों में नव चयनित पावर एंजेल मीनाक्षी (कक्षा 7), काजल (कक्षा 8), चाहत (कक्षा 6) सहित अन्य छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। स्मार्ट टीवी के माध्यम से बच्चों को रोचक ढंग से जानकारी दी गई।
इको क्लब के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सहायक अध्यापिका प्रियंका श्रीवास्तव ने अपनी वैवाहिक वर्षगांठ पर आम और नींबू के पौधों का पौधारोपण किया। विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना की। प्रधानाध्यापक नीरज गुप्ता ने उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इको क्लब के अध्यक्ष मोहन के नेतृत्व में जल संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण विषयों पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं ने प्रकृति संरक्षण की शपथ ली।
इस अवसर पर बच्चों को स्केच पेन और चॉकलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम में सहायक अध्यापक गौरव कुमार सिंह सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।