यूपी पुलिस को मिले 60,244 नए सिपाही, लखनऊ में सीएम योगी ने ली पासिंग आउट परेड की सलामी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस को आज बड़ी ताकत मिली, जब प्रदेशभर के 112 प्रशिक्षण केंद्रों पर 60,244 नवप्रशिक्षित सिपाहियों की पासिंग आउट परेड आयोजित की गई। राजधानी लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री खुली जिप्सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने महिला जवानों की सलामी भी ली और उनके अनुशासन की सराहना की। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, लखनऊ पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा भी उपस्थित रहे।
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू आम बात थे, लेकिन अब पुलिस की क्षमता इतनी बढ़ चुकी है कि वह दंगों को पहले ही रोकने में सक्षम है। उन्होंने बताया कि यूपी पुलिस में महिला कार्यबल 13 प्रतिशत से बढ़कर 26 प्रतिशत हो गया है और 20 प्रतिशत भर्ती बेटियों के लिए अनिवार्य की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षु अब फील्ड ड्यूटी के लिए तैयार हैं और उन्हें अपराधियों के लिए कठोर तथा आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को दोहराते हुए कहा कि प्रदेश में अब गुंडा टैक्स और वसूली जैसी प्रवृत्तियों का अंत हो चुका है।
उन्होंने बताया कि 2017 में जहां प्रशिक्षण क्षमता केवल 3 हजार थी, वहीं अब 60 हजार से अधिक सिपाहियों को एक साथ प्रशिक्षण देने की क्षमता विकसित हो चुकी है। आधुनिक हथियारों, विशेषकर इंसास राइफल से प्रशिक्षण देकर पुलिस बल को और सशक्त बनाया गया है।
सीएम ने कहा कि “प्रशिक्षण में जितना पसीना बहता है, भविष्य में उतना ही कम खून बहाना पड़ता है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि नवसिपाही यूपी पुलिस की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कानून-व्यवस्था को और मजबूत करेंगे।