जब सपा सत्ता में थी तब फर्रुखाबाद को कुछ नहीं दिया, अब विकास दिखाई नहीं दे रहा: मुकेश राजपूत

फर्रुखाबाद, 30 अप्रैल 2026: आवास विकास स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर आज सांसद मुकेश राजपूत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर समाजवादी पार्टी और कुछ अराजक तत्वों द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन को लेकर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार का खुलासा किया।सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरदोई के मल्लावा में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। फर्रुखाबाद जनपद की भी इसमें भागीदारी रही। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री जी ने अपने भाषण में फर्रुखाबाद को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेसवे बनाने की घोषणा की है। यह लिंक एक्सप्रेसवे 94 किलोमीटर लंबा होगा और इसकी अनुमानित लागत 7600 करोड़ रुपये है।

 डबल इंजन सरकार इसे गंगा एक्सप्रेसवे के साथ-साथ बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से भी जोड़ेगी। फर्रुखाबाद से गंगा एक्सप्रेसवे की दूरी मात्र 25-26 किलोमीटर है। एनजीटी की रिपोर्ट और तकनीकी कारणों से मुख्य एक्सप्रेसवे फर्रुखाबाद से नहीं गुजर सका, लेकिन लिंक एक्सप्रेसवे बनने के बाद फर्रुखाबाद सीधे जुड़ जाएगा।सांसद ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 2012-17 के दौरान सपा सरकार ने लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे से फर्रुखाबाद को जानबूझकर वंचित रखा और अखिलेश यादव ने सैफई को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा, “सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारों में फर्रुखाबाद को कुछ नहीं मिला, जबकि भाजपा सरकार में NH-730C, पुलों का निर्माण, खीमसेपुर में औद्योगिक क्षेत्र और उखरा में 400 केवीए पावर हाउस जैसी कई सौगातें मिल रही हैं।”

भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि फर्रुखाबाद से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आमजन मल्लावा पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार का जवाब भाजपा कार्यकर्ता लगातार दे रहे हैं। उन्होंने 4 मई को होने वाली जिला कार्य समिति की बैठक में मंडल प्रभारियों की नियुक्ति और बूथ कमेटियों के सत्यापन की जानकारी दी।

बैठक के बाद जिला प्रशिक्षण वर्ग भी आयोजित होंगे।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी और पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत मौजूद रहे।