कानून-व्यवस्था पर सवाल: कोर्ट के आदेश के बावजूद कब्जे की कोशिश, BJP पार्षद पर गंभीर आरोप

वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक पुश्तैनी संपत्ति को लेकर विवाद सामने आया है। लक्सा थाना क्षेत्र निवासी अरविन्द कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि उनकी पारिवारिक संपत्ति पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। मामले में कुछ स्थानीय लोगों के साथ एक भाजपा पार्षद का नाम भी चर्चा में आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

पीड़ित परिवार के अनुसार रामकुंड स्थित भवन संख्या डी-54/157 वर्षों से उनके परिवार के नाम नगर निगम अभिलेखों में दर्ज है। परिवार का दावा है कि वर्ष 2022 में सक्षम न्यायालय से फैसला भी उनके पक्ष में आ चुका है, बावजूद इसके संपत्ति पर कब्जे की कोशिशें लगातार जारी हैं।

अरविन्द कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि 17 मई 2026 को कुछ लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

परिवार का कहना है कि 19 मई को दोबारा बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे, जिनकी अगुवाई स्थानीय भाजपा पार्षद सिंधू सोनकर द्वारा किए जाने का आरोप है। हालांकि इस मामले में पार्षद पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पीड़ित परिवार ने दावा किया है कि पूरी घटना के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें प्रशासन को सौंपा जाएगा। साथ ही परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

कानून-व्यवस्था पर सवाल:फिलहाल मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। वहीं, घटना ने कानून-व्यवस्था और संपत्ति विवादों में राजनीतिक हस्तक्षेप को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।