बाराबंकी। जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यह हादसा शहर के पटेल तिराहे के पास स्थित जमुरिया नाले पर बन रहे नए पुल के निर्माण कार्य के दौरान हुआ। निर्माण स्थल पर अचानक सरिया का भारी बंडल गिरने से दो मजदूर उसके नीचे दब गए। इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को पुल निर्माण कार्य तेजी से चल रहा था। इसी दौरान भारी सरिया उठाने के दौरान संतुलन बिगड़ गया और उसका बंडल नीचे गिर गया। दुर्भाग्यवश, उस समय दो मजदूर सरिये के बिल्कुल करीब काम कर रहे थे और उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।साथी मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे मजदूर की हालत गंभीर बताई गई और उसे भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया। मृतक की पहचान रमेश पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई है, जो सीतापुर जिले का निवासी था। वहीं, गंभीर रूप से घायल मजदूर बदलू वजीरगंज, रामपुर कला (जनपद सीतापुर) का निवासी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है।
पुल निर्माण से जुड़े अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों से इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग उठने लगी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।