वाराणसी में अपराधियों को लेकर और सख्त हुई पुलिस, NSA और गैंगस्टर एक्ट के तहत होगी कार्रवाई

ब्यूरो: प्रवेश सिंह, वाराणसी

वाराणसी में बढ़ते अपराधों और हालिया फूलपुर हत्याकांड को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने अपराधियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों पर NSA और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर उन पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि फास्ट ट्रैक कोर्ट में मजबूत पैरवी कर अपराधियों को जल्द सजा दिलाई जाएगी, ताकि समाज में कानून का भय बना रहे।

निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने थाना बड़ागांव का दौरा कर पिंडरा सर्किल की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कमिश्नर ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत चलाए जा रहे अभियान की सराहना करते हुए बताया कि 300 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की गई। वहीं बुधवार को 36 वाहन सीज़ किए गए, 640 वाहनों का चालान हुआ और करीब 10.37 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इसके अलावा नए आरक्षियों को आधुनिक और हाईटेक पुलिसिंग के साथ तकनीकी प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि बदलते समय में तकनीक आधारित पुलिसिंग बेहद जरूरी है, जिससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

उन्होंने दो टूक कहा कि वाराणसी पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है और आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

वाराणसी ब्यूरो / प्रवेश सिंह