संगीत नाटक अकादमी की शास्त्रीय संगीत प्रतियोगिता में बाल, किशोर और युवा कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा

तबला, बांसुरी, सितार और शहनाई की प्रस्तुतियों ने मोहा मन, विभिन्न वर्गों में प्रतिभागियों को मिला प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान

लखनऊ, 28 नवंबर। उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और नवोदित कलाकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की ओर से शास्त्रीय एवं सुगम संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शनिवार को अकादमी परिसर स्थित वाल्मीकि रंगशाला, विपिन खंड, गोमती नगर में आयोजित प्रतियोगिता में बाल, किशोर और युवा वर्ग के प्रतिभागियों ने अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में तबला, पखावज, बांसुरी, शहनाई और सितार जैसे वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियों ने संगीत प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया।

यह आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कला संवर्धन एवं संरक्षण नीति के अनुपालन तथा संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के मार्गदर्शन में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आयोजित टैलेंट हंट कार्यक्रम का हिस्सा था। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह और निदेशक राजकुमार के संयोजन में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश की नई संगीत प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।

प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के सदस्य चेतन जोशी और गाजियाबाद के डॉ. मनमोहन नायक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता की संयोजक रेनू श्रीवास्तव और नसरीन ने आयोजन की व्यवस्थाओं का संचालन किया। प्रतिभागियों ने अवनद्ध वाद्य श्रेणी में तबला और पखावज तथा सुषिर एवं तंत्र वाद्य श्रेणी में बांसुरी, शहनाई और सितार की प्रस्तुतियां दीं। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की लय, ताल, तकनीकी दक्षता और प्रस्तुति के आधार पर मूल्यांकन किया।

बाल वर्ग में तबला वादन के लिए रुद्रांश मिश्रा, बांसुरी के लिए ईशानवी जेठवन्त और सितार के लिए अमेया सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं तबला में रनिंदर और बांसुरी में इरा मिश्रा को द्वितीय स्थान मिला।

किशोर वर्ग में तबला वादन के लिए तुषार सिंह, सितार के लिए संकल्प मिश्रा तथा बांसुरी के लिए अथर्व प्रताप सिंह और संस्कार बनौधा ने प्रथम स्थान हासिल किया। बांसुरी वादन में दर्श श्रीवास्तव को द्वितीय और शहनाई वादन में अभिषेक कुमार को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

युवा वर्ग में तबला वादन के लिए मृदु नन्दन सनवाल और बांसुरी वादन के लिए मारूत तिवारी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

अकादमी की ओर से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और संगीत परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार किए जा रहे हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलने के साथ शास्त्रीय संगीत की नई पीढ़ी तैयार करने में भी मदद मिल रही है।