सलमान खान के घर पहुंची लॉरेंस बिश्नोई के नाम बुक की गई कैब, गाजियाबाद का युवक हुआ गिरफ्तार

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों लगातार सुर्खियों में छाए हुए हैं। अभिनेता के घर पर गोलीबारी मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, अब मुंबई की बांद्रा पुलिस ने सलमान खान के फैन को गिरफ्तार किया है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर मजाक करना सुपरस्टार के फैन को भारी पड़ गया है। दरअसल, फैन ने गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर से बिश्नोई के नाम पर कैब बुक की थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

मुंबई पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान रोहित त्यागी के रूप में हुई है। वह 20 साल का है और यूपी के गाजियाबाद का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि सलमान खान के घर से बांद्रा पुलिस स्टेशन के लिए लॉरेंस बिश्नोई के नाम से दो बार कैब बुक करके, उसे कैंसिल करने वाले युवक को, मुंबई पुलिस ने कविनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरम से पकड़ा है। हमले वाले दिन रोहित त्यागी ने कैब बुक की थी। आरोपी बीबीए फाइनल इयर का स्टूडेंट है और अपने आप को सलमान का बड़ा फैन बता रहा है। उसने कहा कि खबरों से परेशान होकर लॉरेंस के नाम से कैब बुक कर प्रेंक किया था।