24 घंटे में कोरोना के 104 नये मामले

स्वास्थ्य कर्मियों को लगाई गयी वैक्सीन की दूसरी डोज    

लखनऊ। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में एक दिन में कुल 1,36,180 सैम्पल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 3,01,73,226 सैम्पल की जांच की गयी है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना सेे संक्रमित 104 नये मामले आये हैं। श्री प्रसाद शुक्रवार को प्रेस वार्ता को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2,521 कोरोना के एक्टिव मामलों में से 647 लोग होम आइसोलेशन में हैं। प्रदेश में कोविड-19 का रिकवरी 98.1 प्रतिशत से अधिक है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 165 तथा अब तक 5,91,359 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।

श्री प्रसाद ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों को शुक्रवार को वैक्सीन की दूसरी डोज लगायी गयी। इसके साथ ही छूटे हुए स्वास्थ्य कर्मियों को भी एक और मौका देते हुए वैक्सीन की प्रथम डोज लगाने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि लगभग सभी फ्रंट लाइन कर्मियों को वैक्सीन की प्रथम डोज लगभग पूर्ण, शेष फ्रंट लाइन कर्मियों को 22 फरवरी तथा एक आखिरी अवसर देते हुए द्वितीय माॅप अप राउण्ड 25 फरवरी को वैक्सीन लगाने का कार्य किया जायेगा।

इसके साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को 25 फरवरी को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने का भी कार्य किया जायेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन अवश्य करें।