
मैलानी-खीरी। मैलानी नगर के सिद्धि विनायक पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर पंचायत अध्यक्षा कीर्ति माहेश्वरी एवं समाजसेवी व स्कूल प्रबंधक भवानी शंकर माहेश्वरी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की। आयोजन को सफल बनाने में जिला उपाध्यक्ष एवं स्कूल की प्रधानाध्यापिका गुरमीत कौर की अहम भूमिका रही।
इस अवसर पर श्री लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज एवं अन्य विद्यालयों के अवकाश प्राप्त शिक्षकों का पटका पहनाकर और माल्यार्पण कर स्वागत-सम्मान किया गया। पूर्व गुरुजनों के चरण प्रक्षालन की विशेष परंपरा ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में रॉबर्ट विलियम सैमसन ने देशभक्ति और एकता का गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। छोटे-छोटे बच्चों ने भी गुरुजनों के सम्मान में गीत और प्रस्तुतियां दीं।
इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के सरकारी और निजी अध्यापकों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में अवकाश प्राप्त शिक्षक पी.के. वर्मा, बाथम गुरुजी, भार्गव गुरुजी, मुनेश्वर सिंह, अध्यापिका डेविड (पत्नी संतोष डेविड), मुस्ताक अली शामिल रहे। वहीं वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों में अरविंद मिश्र, विनय शर्मा, मिश्र जी, प्रधानाध्यापक जगदम्बा प्रसाद, निजी विद्यालयों से राजेश राठौर, राजेंद्र यादव, सुरेंद्र यादव सहित अनेक अध्यापक और अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।
अंत में आए हुए सभी अतिथियों और शिक्षकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी, गुरुजन एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।