नकलविहीन शान्तिपूर्ण परीक्षा संपन्न

लखीमपुर खीरी 06 सितंबर। जनपद खीरी में शनिवार को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2025 दो पालियों में 26 परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन, शुचितापूर्वक और शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुई। दोनों पालियों में कुल 16,144 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 5,456 अनुपस्थित रहे।

परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी संकल्प शर्मा सुबह से ही सक्रिय रहे। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर केंद्र व्यवस्थापकों से नामांकित और उपस्थित परीक्षार्थियों की संख्या जानी। कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन कराने के सख्त निर्देश दिए गए और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहकर ड्यूटी करने कहा गया।

नोडल अधिकारी/एडीएम (न्यायिक) अनिल कुमार रस्तोगी ने बताया कि पहली पाली में 10,800 परीक्षार्थियों में 7,998 उपस्थित हुए और 2,802 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 10,800 में 8,146 उपस्थित और 2,654 अनुपस्थित रहे। डीएम-एसपी के साथ एडीएम-एएसपी, एसडीएम-सीओ, डीआईओएस, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी लगातार भ्रमणशील रहे।

एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण कर स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को सतर्क रहते हुए परीक्षा सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। प्रशासन ने बताया कि रविवार को भी जिले के सभी 26 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में PET परीक्षा आयोजित होगी और इसे पूरी शुचिता और सुरक्षा के बीच सम्पन्न कराया जाएगा।