
फतेहपुर-बाराबंकी। कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम ढकोली में रविवार सुबह दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों ने ग्राम प्रधान शैलेंद्र वर्मा और उनके भतीजे विपिन वर्मा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को ग्राम प्रधान और गांव के ही रोशन वर्मा के बीच मामूली कहासुनी हुई थी, जिसे ग्रामीणों ने शांत करा दिया था। लेकिन रविवार सुबह रोशन वर्मा ने ग्राम प्रधान को गाली-गलौज देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसने बांके से वार कर दिया। जब भतीजा विपिन वर्मा बचाने आया तो उस पर भी हमला कर दिया गया।
चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग एकत्रित हुए और बीच-बचाव कर दोनों की जान बचाई। परिजन गंभीर हालत में घायलों को सीएचसी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल संजीत सोनकर ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांचोपरांत सख्त कार्रवाई की जाएगी।