यातायात पुलिस की सख़्त कार्यवाही, ₹1.06 लाख का जुर्माना वसूला

बहराइच। सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और जनहानि कम करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने रविवार को लखनऊ-बहराइच राजमार्ग पर विशेष अभियान चलाया। शासन के निर्देशों के तहत सड़क हादसों और मृत्यु दर को 50 प्रतिशत तक घटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान के दौरान पुलिस ने स्पीड राडार यंत्र से वाहनों की गति की जांच की। निर्धारित सीमा से अधिक रफ्तार से वाहन चलाते पाए गए 53 चालकों के विरुद्ध चालान किया गया। इनसे कुल ₹1,06,000 (एक लाख छह हज़ार रुपये) का जुर्माना वसूला गया।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि—“सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है, नियमों के पालन से ही हादसों में कमी लाई जा सकती है।”