
भलुअनी, देवरिया। शुक्रवार को बाल दिवस के अवसर पर नगर पंचायत भलुअनी के वार्ड संख्या 8 गोविंद बल्लभ पंत नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय चकरा भार्गव में नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्राथमिक शिक्षक संघ भलुअनी के ब्लॉक अध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र रहे, जिन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए बाल दिवस के महत्व और पंडित जवाहरलाल नेहरू के बच्चों के प्रति प्रेम की विस्तृत जानकारी दी।
विशिष्ट अतिथि के रूप में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भलुअनी के चिकित्सक डॉ. लोकेंद्र मानसिंह ने नेहरू के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया। अतिथियों ने नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सभासद प्रतिनिधि मनोज तिवारी ने कहा कि 14 नवंबर बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और उनके समग्र विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए समर्पित है। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में पत्रकार पवन पाठक, मनोज कुमार मद्धेशिया, ओम प्रकाश कुशवाहा, रामपाल सिंह, अभिषेक पांडे, संजीव कुमार गौतम, कौशल्या देवी, अखिलेश सिंह, दीपिका तिवारी, पूनम सिंह, श्याम सुंदर, राबिया खातून और गुड्डी देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार सिंह और संचालन अध्यापक दुर्गेश कांदू ने किया।