
कछौना, हरदोई। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर कछौना में रन फॉर यूनिटी पदयात्रा और जनसभा का भव्य आयोजन किया गया। पदयात्रा जूनियर हाई स्कूल से प्रारंभ होकर कछौना कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए एसएमडी कॉलेज में जाकर संपन्न हुई। यात्रा में श्री जानकी प्रसाद इंटर कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज के छात्रों, प्रधानगण, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, सभासदों, व्यापारी बंधुओं और भाजपा पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। सभी ने राष्ट्र एकता के प्रतीक लौह पुरुष पटेल के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
यात्रा के दौरान स्कूली बच्चे, युवा, महिलाएं, नगर पंचायत टीम, प्रबुद्धजन पूरे जोश के साथ शामिल हुए। कछौना के व्यापारियों—हरिओम गुप्ता, मंगलम ज्वेलर्स के रामखेलावन गुप्ता, सोमेश्वर सेवा संस्थान के बबलू गुप्ता, डॉक्टर लल्लू राम सोनी, व्यापार मंडल अध्यक्ष अचल अग्रवाल समेत कई सामाजिक संगठनों ने पुष्प अर्पित कर पदयात्रा का स्वागत किया। देशभक्ति के नारों और गीतों ने पूरे नगर को उत्साह और एकता की भावना से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान कछौना के मुख्य मार्ग—कुशीनाथ मंदिर से बाबूलाल पुलिया तक—का नामकरण ‘लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल मार्ग’ के रूप में मुख्य अतिथियों द्वारा किया गया। नगर पंचायत के इस निर्णय की क्षेत्रभर में व्यापक सराहना हुई।
एसएमडी पटेल कॉलेज में आयोजित जनसभा में सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सुरेश तिवारी, पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक वाजपेई, विधायक रामपाल वर्मा, जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल सहित कई वक्ताओं ने 562 रियासतों को एकसूत्र में पिरोने में सरदार पटेल की भूमिका को ऐतिहासिक बताया। वक्ताओं ने कहा कि गैर-भाजपाई दलों ने पटेल के योगदान को अपेक्षित सम्मान नहीं दिया, जबकि उनका संदेश हमेशा देश की एकता का प्रतीक रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि जाति-पांति और भेदभाव से ऊपर उठकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए उनके विचारों को अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ भाजपा नेता अभय शंकर शुक्ला ने किया। पदयात्रा पूर्व मंडल अध्यक्ष नवीन पटेल के नेतृत्व में उत्साहपूर्ण माहौल में निकाली गई। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष राधारमण शुक्ला उर्फ पंकज, रूपेश अंजाना, संचित अग्रवाल, मयंक सिंह, मदन राठौर, अतुल मिश्रा, रोहित वैश्य, अशोक सिंह, गुड्डू सिंह आशा, संयोजक डॉक्टर शिवराज सिंह पटेल, जिला मंत्री अजय शुक्ला, संजय गुप्ता, संदीप सिंह, सुनील सोनी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, प्रधानगण, सभासद और व्यापारी मौजूद रहे।
पूरा कछौना क्षेत्र इस पदयात्रा के दौरान उत्सव, एकता और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत दिखाई दिया।