
बाराबंकी। शासन की मंशा के अनुरूप चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले एमबीएस छात्रा स्नेहा सिंह के पिता निर्माण सिंह को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शुक्रवार को सम्मानित किया। सूरतगंज ब्लॉक क्षेत्र के बैरनामऊ निवासी निर्माण सिंह ग्राम पंचायत में रोजगार सेवक होने के साथ-साथ बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के रूप में भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
बीएलओ निर्माण सिंह को उनके ईमानदार, सक्रिय एवं सटीक कार्य निष्पादन के लिए डीएम द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। वह रामनगर विधानसभा क्षेत्र के बैरनामऊ बूथ पर तैनात हैं, जहाँ उन्होंने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण किया, समय पर उनका संग्रहण किया और प्राप्त आंकड़ों का सही-सही डिजिटाइजेशन किया। साथ ही पात्र मतदाताओं के विवरण का सत्यापन भी पूरी निष्ठा से पूरा किया।
सम्मान पत्र प्रदान करते हुए डीएम शशांक त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे कर्मियों की प्रतिबद्धता और ईमानदार कार्यशैली मतदाता सूची को अधिक सटीक व मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे पूर्व इसी ब्लॉक क्षेत्र के सुभाष चंद्र को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जा चुका है।
बीएलओ निर्माण सिंह की उपलब्धि पर सूरतगंज खंड विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने उन्हें बधाई दी और उनके कार्य की सराहना की।