
अमर भारती ब्यूरो भाटपार रानी, देवरिया। बनकटा थाना क्षेत्र के सोहनपुर बाजार में शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस भीषण सड़क दुर्घटना में चालक समेत पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना शुक्रवार दोपहर लगभग 12:30 बजे सोहनपुर बाजार स्थित अधीना शाह बाबा मोड़ के पास मुख्य मार्ग पर हुई। कार सोहनपुर बाजार से सलेमपुर की ओर जा रही थी, तभी अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार की दिशा पश्चिम से पूरब की ओर घूम गई और वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। एक युवक का पैर स्टीयरिंग में फंस गया था, जिसे निकालने के लिए ग्रामीणों को विशेष प्रयास करना पड़ा।
घायलों की पहचान बिट्टू दुबे पुत्र बबलू दुबे, गोलू गोल्ड पुत्र गुड्डू गोल्ड और अजीत कुमार पुत्र राजू, निवासी पिपरपाती, थाना गुठनी, जनपद बिहार के रूप में हुई है। दो अन्य घायलों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है।
सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटा ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने देवरिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष जयप्रकाश दूबे ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और सभी की स्थिति गंभीर बनी हुई है।