
सूरतगंज/बाराबंकी। ब्लॉक सूरतगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत दौलतपुर में प्रगतिशील किसान एवं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अमरेंद्र प्रताप सिंह रुद्र के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर रुद्र ब्रदर्स फ्रेश एंड फूड एंड वेजिटेबल फार्म, दौलतपुर परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें करीब 100 मरीजों की आंखों की निःशुल्क जांच कर दवाइयां डाली गईं।
शिविर आयोजक अमरेंद्र प्रताप सिंह रुद्र ने बताया कि शिविर का संचालन सीतापुर नेत्र अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में किया गया। शिविर में डॉक्टर कर्नल श्रीकांत वाडकर, डॉक्टर कर्नल मधु भदौरिया एवं कर्नल रणवीर सिंह भदौरिया द्वारा मरीजों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान जरूरतमंद मरीजों को तत्काल दवाइयां प्रदान की गईं।
उन्होंने बताया कि जांच के बाद 25 मरीजों को आंख के ऑपरेशन के लिए सीतापुर आंख अस्पताल ट्रस्ट द्वारा बस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया है। अस्पताल की ओर से इन सभी मरीजों के ऑपरेशन, रहने और खाने की पूरी व्यवस्था निःशुल्क की जाएगी। शनिवार को सफल ऑपरेशन के बाद सभी मरीजों को चश्मा प्रदान कर बस के माध्यम से उनके घर वापस भेजा जाएगा।
निःशुल्क नेत्र जांच शिविर के आयोजन से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने समाजसेवा की इस पहल के लिए अमरेंद्र प्रताप सिंह रुद्र तथा सीतापुर नेत्र अस्पताल के चिकित्सकों की सराहना की और ऐसे शिविरों को समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।