
फतेहपुर-बाराबंकी। थाना घूंघटेर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रही लकड़ी तस्करी का वन विभाग की टीम ने भंडाफोड़ किया है। ग्राम मोहलिया में कार्रवाई करते हुए वन विभाग ने जामुन के हरे पेड़ की अवैध कटान कर उसे ढोने के प्रयास में लगी ट्रैक्टर-ट्राली सहित लकड़ी को जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मोहलिया में जामुन के एक हरे-भरे वृक्ष को काटकर उसके लट्ठे बना दिए गए थे, जिन्हें रात के अंधेरे में ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान मिली सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर और अवैध लकड़ी को सीज कर लिया।
वन रेंजर मयंक सिंह ने बताया कि अवैध कटान में संलिप्त दो आरोपियों मुलायम यादव पुत्र श्रीराम, निवासी ग्राम बड़हीडीह, थाना घूंघटेर तथा दिनेश तिवारी पुत्र भगवती तिवारी, निवासी ग्राम मोहलिया के विरुद्ध वन संरक्षण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में वन विभाग की टीम के साथ सेक्शन अधिकारी सुभाष श्रीवास्तव, बीट प्रभारी गौरव पाठक एवं वन कर्मी भूपेंद्र सिंह मौजूद रहे।