
लखीमपुर खीरी, 18 जनवरी। मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन करने के उद्देश्य से जिले भर में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान को रविवार को विशेष गति मिली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित विशेष अभियान दिवस में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिले के कुल 3283 मतदान केंद्रों पर 18,245 फॉर्म-6 प्राप्त हुए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज एवं आर्य कन्या इंटर कॉलेज पहुंचकर बीएलओ हेल्प डेस्क पर फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 की प्रगति और निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने समयबद्ध निस्तारण, डोर-टू-डोर जागरूकता और आवेदन की मौके पर जांच पर विशेष जोर दिया। एडीएम ने आमजन से संवाद कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने व संशोधन की प्रक्रिया की जानकारी दी और voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करने तथा सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह एवं तहसीलदार मुकेश कुमार भी उपस्थित रहे।