
पीलीभीत। भारतीय जनता पार्टी के निर्देशन में 128 विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुड़िया रतनपुरी स्थित बूथ संख्या 82 (पूर्व में 76) पर रविवार को मतदाता जागरूकता कैम्प का भव्य आयोजन किया गया। कैम्प में महामंडलेश्वर एवं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों के साथ मिलकर नवीन मतदाताओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया। कड़ाके की ठंड के बावजूद दिन-रात चले इस अभियान के दौरान लगभग 65 मतदाता पंजीकरण प्रपत्र भरवाकर जमा कराए गए। स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने मतदाता पंजीकरण को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है। उन्होंने वृद्धजनों एवं बीमार ग्रामवासियों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम भी जाना और ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। कार्यक्रम में बच्चों के प्रति उनका स्नेह विशेष रूप से देखने को मिला, जिससे माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण हो गया। इस अवसर पर नंदलाल लोधी, चन्दनलाल लोधी, आकाश कुमार वर्मा, युगल वर्मा, अशोक कुमार, हेतराम, अजय वर्मा, मलखान सिंह, विश्वजीत डे सहित अनेक ग्रामवासी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने इस जागरूकता अभियान को लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करने वाला बताते हुए स्वामी प्रवक्तानंद महाराज का आभार व्यक्त किया।