
मल्लावां/हरदोई। मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर क्षेत्रीय विधायक आशीष सिंह आशू ने विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मां गंगा के पावन तट पर स्थित राजघाट पहुंचकर एक माह तक चलने वाले रामनगरिया मेले में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने विधिवत मां गंगा की पूजा-अर्चना की और विभिन्न क्षेत्रों से आए कल्पवासियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों को कल्पवासियों के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर धार्मिक अनुष्ठान कर सकें। इसके उपरांत विधायक आशीष सिंह आशू मल्लावां नगर के प्रमुख समाजसेवी श्री राधेमोहन गुप्ता द्वारा आयोजित भंडारा कार्यक्रम में सम्मिलित हुए और प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, कल्पवासी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।