
एत्मादपुर। थाना एत्मादपुर क्षेत्र में अज्ञात चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। गांव चावली और गढ़ी जस्सा में चोरों ने एक के बाद एक चार समरसेबिल ट्यूबवेलों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर ट्यूबवेलों की दीवार और ताले तोड़कर बैटरी व केबल चोरी कर ले गए, जिससे किसानों में दहशत का माहौल है। इससे पहले भी बास वाला गांव में सात ट्यूबवेलों से चोरी की घटना हो चुकी है, जिसका अभी तक पुलिस कोई खुलासा नहीं कर सकी है। चावली के पूर्व प्रधान करुआ समेत कई किसानों के ट्यूबवेल क्षतिग्रस्त किए गए। किसान ललित चौहान ने बताया कि उनके ट्यूबवेल से दीवार तोड़कर बैटरी और लगभग 60 मीटर केबल चोरी कर ली गई, वहीं उन्होंने गांव के ही कुछ लोगों पर संदेह जताया है। पीड़ित किसान अजय सिंह ने थाना एत्मादपुर में लिखित तहरीर देकर बताया कि उनके ट्यूबवेल से 70 मीटर केबल और एक बड़ी बैटरी चोरी हुई है। किसानों का आरोप है कि लगातार हो रही चोरियों पर प्रशासन अंकुश लगाने में विफल साबित हो रहा है। इस संबंध में थाना प्रभारी आलोक कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है, मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।