
बाराबंकी। थाना बदोसराय में तैनात प्रोन्नत दारोगा सुरेश को एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में रिश्वत की डील कराने वाले खुर्शीद नामक एक अन्य व्यक्ति को भी पकड़ा गया है। आरोप है कि दारोगा ने एक मुकदमे में नाम बढ़ाने के एवज में 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
जानकारी के अनुसार दारोगा सुरेश उसी मुकदमे से संबंधित शपथ पत्र देने के लिए हाईकोर्ट जाने की बात कहकर थाने से निकले थे, लेकिन पहले से जाल बिछाए बैठी एंटी करप्शन टीम ने उन्हें धर दबोचा। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई।
कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सफदरगंज में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। यह मुकदमा एंटी करप्शन टीम की ओर से दर्ज होगा।
एसपी बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।