
लखीमपुर खीरी। भारतीय किसान मजदूर यूनिट सिंघानिया की मासिक बैठक मंगलवार को जिलाध्यक्ष अमर सिंह तोमर के आवास पर प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में किसानों की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से मंथन किया गया तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने किसानों से आगामी रेल रोको अभियान को सफल बनाने और धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में भीरा पहुंचने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश महासचिव जितेंद्र बाजपेई ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य किसानों और मजदूरों की समस्याओं का समाधान कराना है। उन्होंने कहा कि जिले में किसानों से जुड़े मुद्दों के निस्तारण को प्राथमिकता दी जाएगी और इसके लिए संगठन को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार रहने की अपील की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष अमर सिंह तोमर ने कहा कि 24 जनवरी को लखीमपुर खीरी के भीरा में प्रस्तावित रेल रोको अभियान को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता अपने-अपने वाहनों से भीरा प्रस्थान करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसानों की आवाज को बुलंद करने के लिए जरूरी है और इसमें किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
संरक्षक अनिल शुक्ला ने जानकारी दी कि संगठन द्वारा मार्गदर्शन के लिए शीघ्र ही एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशा जैसी बुरी आदतों से दूर रखने के साथ-साथ समाज सेवा के लिए प्रेरित किया जाएगा। बैठक का संचालन उपाध्यक्ष राधा रमन मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर महासचिव धर्मेंद्र सिंह, जिला सचिव रामबाबू सिंह, तहसील अध्यक्ष धर्मपाल सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप राज, क्षेत्र पंचायत सदस्य मितौली अवधेश मिश्रा, बलिराम, हेमराज यादव, पिंकल शुक्ला सहित संगठन के अनेक प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।