
बहराइच। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर फखरपुर ब्लॉक के गजाधरपुर स्थित मनकामेश्वर राम-जानकी-हनुमान एवं नवदुर्गा मंदिर परिसर में 49वें नौ दिवसीय महारुद्र यज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन के अंतर्गत कलश यात्रा, श्रीमद्भागवत कथा, संत समागम, दीप यज्ञ, महायज्ञ, अखंड भंडारा एवं मेले का आयोजन किया जाएगा, जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा।
मंदिर के महंत मोरध्वजदास उर्फ नान बाबा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी बसंत पंचमी के दिन विधिवत हवन-पूजन के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा। कथा एवं प्रवचन हेतु अयोध्या, सिरसिया, हेतमापुर, बाराबंकी, बहराइच, कोलकाता, श्रावस्ती, नेपाल, रायबरेली और कानपुर सहित अनेक स्थानों से संत-महात्माओं का आगमन होगा।
आयोजन के अनुसार 23 जनवरी को श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया जाएगा। 28 जनवरी को गायत्री माता आश्रम से जल भरकर भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो गजाधरपुर पहुंचेगी। 29 जनवरी को वेदी निर्माण एवं देव पूजन होगा। 30 जनवरी को अग्नि प्रकट, हवन-प्रवचन एवं गायत्री परिवार द्वारा दीप यज्ञ संपन्न कराया जाएगा। 31 जनवरी को देव पूजन, दीप प्रज्वलन, महायज्ञ एवं परिक्रमा होगी। वहीं 1 फरवरी को महारुद्र यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ भभूति वितरण, अखंड भंडारा एवं विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा।
श्रीमद्भागवत कथा का वाचन पं. पुत्तीलाल पाठक द्वारा किया जाएगा, जबकि यज्ञाचार्य के रूप में श्री सीताराम दास महाराज वेदांती (रामघाट, अयोध्या) उपस्थित रहेंगे। आयोजकों ने बताया कि यह परंपरा ब्रह्मलीन महात्मा श्री राम किशोर दास जी महाराज परमहंस द्वारा प्रारंभ की गई थी, जो निरंतर जारी है।
मुख्य अतिथि के रूप में श्री श्री 1008 श्री जगदीश दास महाराज (बड़ी छावनी, अयोध्या), महामंडलेश्वर रवि गिरि जी महाराज (बहराइच), राम प्रसाद आचार्य (अयोध्या), नारायण दास महाराज (हेतमापुर) सहित अयोध्या व नेपाल के अनेक संत-महात्माओं को आमंत्रित किया गया है। आयोजन को सफल बनाने में संत रमाकांत दास, कामता मिश्र, जगदीश वर्मा, रामू गौड़, रामनारायण गुप्ता, भुनेश गौड़, नंदू गुप्ता, ननकू गुप्ता, शिवकुमार कौशल, रिंकू, केके पंडित, बंटी शुक्ला, अखिलेश वर्मा, रामनरेश केशव, रामसमुझ, कमलेश वर्मा सहित समस्त ग्रामवासियों का सहयोग रहेगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।