
बहराइच। नानपारा तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इमामनगर गड़रहवा में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जेसीबी से सरकारी भूमि पर बने पक्के निर्माण ध्वस्त करा दिए। गाटा संख्या-280, रकबा 0.1900, जो राजस्व अभिलेखों में खलिहान के रूप में दर्ज है तथा गाटा संख्या-68, जो तालाब के नाम दर्ज है, पर गांव के ही कुल 16 लोगों द्वारा लंबे समय से अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण किया गया था।
सरकारी भूमि पर किए गए इस अवैध अतिक्रमण को उपजिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी के निर्देश पर नायब तहसीलदार नबाबगंज अक्षय पांडेय, राजस्व निरीक्षक सनाउल्लाह एवं क्षेत्रीय लेखपाल की मौजूदगी में जेसीबी के माध्यम से हटवाया गया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए एसएसबी और पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।
तहसील प्रशासन की इस कड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में स्पष्ट संदेश गया है कि सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम नानपारा द्वारा लगातार चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान से अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि सरकारी भूमि, तालाब, चकरोड और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों पर किए गए सभी अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।