
आगरा। खंदौली क्षेत्र के गांव हाजीपुर खेड़ा स्थित श्री वनखण्डी महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य के अंतर्गत शिखर पर ध्वजा स्थापना, हवन एवं विधि-विधान से पूजन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। कार्यक्रम में होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि उन्हें बाबा भोलेनाथ के आशीर्वाद से ही मंत्री पद प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि मंत्री बनने से पूर्व वे नियमित रूप से मंदिर में पूजा-अर्चना करने आते थे और आज उन्हीं के आशीर्वाद से मंदिर का जीर्णोद्धार संभव हो पाया है। उन्होंने मंदिर के इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्षों पूर्व एक जमींदार द्वारा खेत की खुदाई के दौरान फावड़ा बाबा भोलेनाथ की पिंडी से टकराया था। इसके बाद खुदाई आगे बढ़ने पर शिव पिंडी और अधिक प्रकट होती गई, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था जागृत हुई और मंदिर का निर्माण कराया गया।
मंत्री ने जीर्णोद्धार कार्य की विशेषता बताते हुए कहा कि मंदिर निर्माण में वही पत्थर उपयोग में लाया गया है, जिसका प्रयोग रामलला मंदिर के निर्माण में किया गया था। कार्यक्रम के अंत में मंदिर शिखर पर ध्वजा स्थापित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ से प्रार्थना की कि उनकी कृपा क्षेत्रवासियों पर सदैव बनी रहे।
कार्यक्रम में हरिओम चौहान, लटूरी सिंह, सुभाष भारती, ज्वाला प्रसाद प्रजापति, रामू प्रजापति, दीपक प्रजापति, अजय चौहान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।