आगरा–फतेहाबाद मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, आधे घंटे तक लगा जाम

फतेहाबाद। शुक्रवार शाम आगरा–फतेहाबाद मार्ग पर प्रिंस ढाबे के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आगरा से फतेहाबाद की ओर कैटरिंग का सामान लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में भारी मात्रा में कैटरिंग का सामान लदा हुआ था। प्रिंस ढाबे के पास संतुलन बिगड़ने से ट्रॉली सड़क पर पलट गई, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। सूचना मिलते ही एसीपी अनिल कुमार और थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटवाया और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुल सका और आवागमन सामान्य हुआ। बताया गया है कि ट्रैक्टर चालक अमित पुत्र गजेंद्र पाल निवासी बिंद्रामई था। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रॉली में रखा कैटरिंग का सामान क्षतिग्रस्त हो गया।