
फतेहाबाद। तहसील क्षेत्र के ककरीली गांव में एक मकान में अचानक दरार पड़ जाने से ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार बीते दिनों क्षेत्र में हुई लगातार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने के कारण राम हरि पुत्र राम रतन के मकान की दीवारों में गहरी दरारें पड़ गईं। इससे मकान की मजबूती कमजोर हो गई है और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। पीड़ित परिवार को हर समय जान-माल के नुकसान का डर सता रहा है। बताया गया कि आकाशीय बिजली गिरने के बाद मकान की दीवारों में दरारें दिखाई देने लगीं, जो समय के साथ बढ़ती जा रही हैं। हालात ऐसे हैं कि परिवार के लोग घर में रहने से भी घबरा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो कोई गंभीर घटना घट सकती है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण पीड़ित परिवार मकान की मरम्मत कराने में असमर्थ है। घटना की सूचना पर शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी वार्ड नंबर 41 एवं बीडीसी राजू वर्मा अपने समर्थकों के साथ ककरीली गांव पहुंचे और पीड़ित के घर जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। राजू वर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान में सरकार द्वारा सहायता का प्रावधान है और वे प्रशासन से संपर्क कर पीड़ित परिवार को सरकारी मदद दिलाने का प्रयास करेंगे। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि क्षतिग्रस्त मकान का शीघ्र सर्वे कराया जाए और आपदा राहत के तहत पीड़ित परिवार को मुआवजा प्रदान किया जाए।