मंदिर से घंटा चोरी करते एक चोर पकड़ा, दो फरार

अछनेरा। अछनेरा थाना क्षेत्र के गांव अरदाया में पोखर किनारे स्थित एक मंदिर से शनिवार सुबह करीब 8 बजे तीन चोर पीतल का घंटा चोरी करने पहुंचे। चोरों ने गिरोह बनाकर मंदिर परिसर में लगे घंटे को कटर से काट लिया। इस दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि तीसरे को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम भूरा पुत्र महावीर सिंह, निवासी बड़ी बस्ती, कस्बा व थाना अछनेरा बताया। उसने अपने फरार साथियों के नाम झम्मन और लकी, निवासी कस्बा अछनेरा बताए हैं। आरोपी ने चोरी की पूरी घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी।
सूचना मिलते ही थाना अछनेरा पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पीतल के घंटे के टुकड़े और स्टील की पानी की टोटी बरामद की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के कई मंदिरों से पहले भी घंटे व अन्य कीमती सामान चोरी हो चुके हैं, जिनका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। करीब 15 दिन पूर्व थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर नगरिया और सांथा पहाड़ स्थित मंदिरों से भी घंटे चोरी हुए थे, जिनका पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है।
लगातार हो रही मंदिरों में चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द खुलासा कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।