पुल निर्माण की मांग पर किसानों का धरना 96वें दिन भी जारी, 72 घंटे की चेतावनी

अछनेरा। अछनेरा ब्लॉक के गांव नागर में चकरोड संख्या-24 को कीठम-भांडई तीसरी रेल लाइन के निर्माण के चलते बंद किए जाने के विरोध में किसान पिछले 96 दिनों से धरने पर बैठे हैं। किसानों की मांग है कि आवागमन सुचारु रखने के लिए रेलवे पुल का निर्माण कराया जाए।
धरनारत किसानों का कहना है कि चकरोड बंद होने से उन्हें खेतों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ गए हैं। इससे खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है।
किसानों ने प्रशासन को 72 घंटे की चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि तय समय सीमा के भीतर पुल निर्माण की मांग पूरी नहीं की गई तो कीठम-भांडई तीसरी बाईपास रेल लाइन का निर्माण कार्य ठप करा दिया जाएगा।
धरने में दीवान सिंह मेजर, सुखपाल सिंह नरवार, अशोक, राजेश, धर्मवीर सिंह, सौदान सिंह, सोनू नरवार सहित कई किसान मौजूद रहे।