
थाना समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं, दिए आवश्यक निर्देश
लखीमपुर खीरी। कानून-व्यवस्था और शिकायत निस्तारण को मजबूत करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने शनिवार को सदर कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने थाना परिसर में आयोजित “थाना समाधान दिवस” में पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए संयुक्त टीमें गठित की जाएं। ये टीमें मौके पर जाकर जांच करें और शत-प्रतिशत, समयबद्ध व निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक ने थाना समाधान दिवस में आए प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का निस्तारण उच्चाधिकारी स्तर से होना है, उनमें संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कोतवाली कार्यालय, मालखाना, बंदीगृह, मिशन शक्ति केंद्र तथा सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था का भी जायजा लिया। अभिलेखों के रख-रखाव को सुव्यवस्थित रखने और सभी प्रविष्टियों को अद्यतन बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और रिकॉर्ड प्रबंधन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को बेहतर एवं पारदर्शी पुलिस सेवाएं उपलब्ध हो सकें।