लखनऊ छावनी में महिला अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान 3 अभ्यर्थी बेहोश

लखनऊ छावनी स्थित एएमसी सेंटर एंड कॉलेज के एएमसी स्टेडियम में चल रही महिला अग्निवीर मिलिट्री पुलिस भर्ती रैली के दौरान तीन अभ्यर्थी अचानक बेहोश हो गईं। भर्ती प्रक्रिया के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जा रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थी हिस्सा ले रही हैं।

मौके पर मौजूद मेडिकल टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया और बेहोश हुईं अभ्यर्थियों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों के अनुसार सभी की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

इस भर्ती रैली में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की करीब 1000 युवतियां शामिल हुई हैं। अभ्यर्थियों के लिए 8 मिनट में 1600 मीटर दौड़ पूरी करना अनिवार्य है, जिसके तहत शारीरिक क्षमता का परीक्षण किया जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुसार जारी है।