
एत्मादपुर। क्षेत्र के गांव नादऊ में आयोजित होने जा रहे 51 कुंडीय शक्ति वर्धक गायत्री महायज्ञ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कार्यक्रम स्थल पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें गायत्री परिवार के सदस्यों ने महायज्ञ को सफल बनाने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया।
गोष्ठी में मौजूद गुरुजनों ने कलश यात्रा और महायज्ञ की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं किसान मोर्चा के ब्रजक्षेत्र महामंत्री ठाकुर जगवीर सिंह तोमर ने आयोजक राजू चाहर की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में जहां लोग धन-संपत्ति जुटाने में लगे हैं, वहीं राजू चाहर ने अपने निजी खर्च पर इतना बड़ा धार्मिक आयोजन कर समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत किया है।
वहीं अपना दल (एस) के ब्रज परिक्षेत्र अध्यक्ष एवं अंबे हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. महेश चौधरी ने कहा कि यह आयोजन सामाजिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है और सभी को मिलकर इसे सफल बनाने में योगदान देना चाहिए।
बताया गया कि 2 अप्रैल को 51 कुंडीय शक्ति वर्धक गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जबकि 4 अप्रैल को जिला स्तरीय विशाल चूल भंडारा आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम की सफलता के लिए विभिन्न गांवों के प्रधानों और जिम्मेदार लोगों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं।
फोन के माध्यम से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रवल प्रताप धनगर उर्फ राकेश बघेल ने भी 11 वार्डों की जिम्मेदारी लेते हुए अपनी टीम के साथ सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर गायत्री परिवार के कई पदाधिकारी, समन्वयक, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने सभी से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म एवं समाजहित के इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की।