
हरपालपुर। स्कूल संचालक व कथित सपा नेता यदुनंदन लाल वर्मा द्वारा एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भगवान श्रीराम और माता कौशल्या को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस बीच क्षत्रिय महासभा के जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश सिंह टिंकू ने आरोपी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग उठाई है।
मामला हरपालपुर थाना क्षेत्र के कनत्थखेड़ा गांव से जुड़ा है, जहां आयोजित एक कार्यक्रम में दिए गए बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद विभिन्न संगठनों में आक्रोश फैल गया और सांडी, हरपालपुर, सवायजपुर, बिलग्राम व सदर कोतवाली सहित कई थानों में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई।
पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। हरपालपुर थाने के अतिरिक्त निरीक्षक विजय नारायण शुक्ल की कार्रवाई के बाद यदुनंदन लाल वर्मा को गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस घटनाक्रम के बाद विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, ब्राह्मण महासभा और क्षत्रिय महासभा सहित कई संगठनों ने विरोध दर्ज कराया। शनिवार को ब्रजेश सिंह टिंकू ने प्रशासन से मांग की कि आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, साथ ही उनके द्वारा संचालित विद्यालयों की जांच कर मान्यता निरस्त की जाए।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्थाओं पर इस प्रकार की टिप्पणी से करोड़ों लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों में कड़ी और उदाहरणात्मक कार्रवाई की मांग की है।